बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक अनोखा मामला सामने आया है, जहाँ कोनी थाने में एक कबाड़ कारोबारी की आवभगत करना दो पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाने के मोहर्रिर (प्रधान आरक्षक) और उनके मददगार आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
दरअसल, बिलासपुर पुलिस इन दिनों अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ा और कड़ा अभियान चला रही है। इसी बीच कोनी थाने में कबाड़ का धंधा करने वाले अकबर खान को पुलिसकर्मियों द्वारा थाने के भीतर बैठाकर चाय पिलाई जा रही थी। जब यह बात आला अधिकारियों तक पहुँची, तो विभाग में हड़कंप मच गया। SSP रजनेश सिंह द्वारा जारी कड़े आदेश में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि जब पूरी बिलासपुर पुलिस कबाड़ियों के खिलाफ मुस्तैदी से अभियान चला रही है, ऐसे में थाने के भीतर कबाड़ियों को चाय पिलाना पुलिस के इस अभियान को मुँह चिढ़ाने जैसा है।
अनुशासनहीनता और अपराधियों के प्रति इस तरह के ढुलमुल रवैये को बर्दाश्त न करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य थानों में भी हड़कंप का माहौल है।
