रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पैर पसार चुके ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर क्राइम ब्रांच ने रायगढ़ पुलिस से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टे के मास्टरमाइंड खाईवाल अमित जंघेल और उसके मुख्य पार्टनर मोंटू को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में सट्टे का काला कारोबार संचालित कर रहे थे, जिनके तार अंतर्राज्यीय ‘MN गैंग’ से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि अमित जंघेल इस अवैध कारोबार का काफी पुराना और शातिर खिलाड़ी है। उसने शहर के स्टेशन लोधीपारा, गुढ़ियारी, श्रीनगर, गोगांव, कोटा, रामसागरपारा, बढ़ईपारा और फाफाडीह जैसे प्रमुख और घने इलाकों में अपना जाल बिछा रखा था। वह इन क्षेत्रों में सटोरियों और आम लोगों को ऑनलाइन सट्टे की ‘ID’ बांटकर बड़े पैमाने पर दांव लगवाता था। वहीं, उसका मुख्य सहयोगी मोंटू इस पूरे खेल को छिपाने के लिए एमजी रोड (MG Road) पर एक पान दुकान का संचालन करता था। इसी पान दुकान की आड़ में वह अमित के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क को मैनेज करता था और पैसों का लेन-देन संभालता था।
इस हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा तब हुआ जब रायगढ़ पुलिस को ‘MN गैंग’ और अमित जंघेल के कनेक्शन की भनक लगी। रायगढ़ पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना रायपुर पुलिस से साझा की, जिसके बाद रायपुर क्राइम ब्रांच ने तेजी से जाल बिछाकर दोनों खाईवालों को दबोच लिया। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े सफेदपोशों, बैंक खातों और करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन के चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।
