रायपुर. छत्तीसगढ़ में सूरज के तीखे तेवरों और जानलेवा लू की आहट ने सरकार को बड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया है. भीषण गर्मी के रिकॉर्ड तोड़ते आंकड़ों को देखते हुए राज्य शासन ने स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की तारीख बदल दी है.
अब प्रदेश के बच्चों को राहत देते हुए 1 मई के बजाय 20 अप्रैल 2026 से ही स्कूलों में छुट्टियों का एलान कर दिया गया है. यह आदेश प्रदेश के सभी सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा, जिसके तहत आगामी 15 जून तक शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे.

मौसम विभाग की चेतावनी इस फैसले की मुख्य वजह बनी है, क्योंकि राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर और दुर्ग संभाग में ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है. राजनांदगांव में पारा 43°C के पार पहुँच चुका है, जो वर्तमान में प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में तापमान में हुई 2 डिग्री की बढ़ोतरी ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है और अगले तीन दिनों में इसमें 3 डिग्री तक के और इजाफे की संभावना है.
जहाँ अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज कर कुछ राहत महसूस की जा रही है, वहीं बाकी प्रदेश पूरी तरह शुष्क है और बारिश की कोई उम्मीद न होने से हीट वेव का खतरा गहरा गया है.
