अम्बिकापुर। साइबर ठगों को अपने बैंक खाते किराए या लालच में सौंपने वालों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने म्यूल अकाउंट (किराए के खाते) के दो अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इन दोनों आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल देश के आठ अलग-अलग राज्यों में करोड़ों की ऑनलाइन ठगी की रकम खपाने के लिए किया जा रहा था।
यह पूरी कार्रवाई भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची और पुलिस मुख्यालय रायपुर के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत की गई। पहले मामले में कोतवाली पुलिस ने लक्ष्मीपुर तेंदूपारा (थाना मणीपुर) निवासी 40 वर्षीय विकास लकड़ा को गिरफ्तार किया। उसके बैंक खातों के खिलाफ आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में साइबर ठगी की कई ऑनलाइन शिकायतें दर्ज पाई गई थीं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जुलाई-अगस्त 2024 में विकास फेसबुक पर पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने के विज्ञापन के झांसे में आ गया था। खुद को आरबीआई का अधिकारी बताने वाले एक अज्ञात कॉलर के कहने पर उसने अगस्त और सितंबर 2024 में पंजाब नेशनल बैंक व केनरा बैंक में खाते खुलवाए, उनमें ठग का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराया और वेरिफिकेशन के नाम पर दोनों एटीएम कार्ड कूरियर से भिवाड़ी (राजस्थान) भेज दिए। बाद में संपर्क टूटने पर उसने खातों में अपना नंबर जुड़वा लिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 626/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के पास से दोनों बैंकों की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त कर ली है।
दूसरे मामले में पुलिस ने ग्राम जराकेला तुतपारा बरगीडीह (थाना लुण्ड्रा) निवासी 25 वर्षीय मनोहर लाल तिग्गा को धर दबोचा। साइबर सेल की जांच में सामने आया कि उसके एचडीएफसी बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की अवैध राशि प्राप्त करने के लिए किया गया था, जिसके विरुद्ध तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में काम की तलाश के दौरान वह अपने दोस्त के साथ अम्बिकापुर के एमजी रोड स्थित स्मार्ट प्वाइंट के ऊपर संचालित वर्चुअल फैशन प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस गया था। वहां अधिक पैसे के लालच में उसने 200 रुपये शुल्क के साथ अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, 12वीं की मार्कशीट और एचडीएफसी बैंक खाते के दस्तावेज जमा कर दिए थे, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगों ने किया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 825/2026, धारा 420 भादंसं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दोनों ही मामलों के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी व सदरक लकड़ा तथा आरक्षक प्रवीण खलखो, हरिनाम सिंह, अनुग्रस लकड़ा, राजीव एक्का और बिजेंद्र पैकरा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पैसों के लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम या सिम कार्ड किसी भी अनजान व्यक्ति को न सौंपें, अन्यथा कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
