नेता प्रतिपक्ष पहुंचे किसानों के खेत मे, नुकसान का लिया जायजा..!

कृषि मंत्री को कराया अवगत 

अम्बिकापुर

लखनपुर क्षेत्र के किसानों के बुलावे पर क्षेत्र में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने खेतों में फसलों की खराब स्थिति को देख कर तत्काल प्रदेश के कृषि मंत्री से बात की तथा वस्तु स्थिति से अवगत कराते हुए किसानों के नुकसान की भरपाई करने का आग्रह किया है। साथ ही नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने समुचे छ.ग. में जहां भी शासन द्वारा बांटी गई उक्त बीज से फसल लगाई है, उसकी पुरी जानकारी लेकर तत्काल किसानों को राहत देने की मांग की है।

ज्ञात हो कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित धान की प्रजाति इंदिरा राजेश्वरी को सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखण्ड तथा दरिमा क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर क्षेत्र के किसानों से लगवाया था, जो कि नेटब्लॉस्ट बीमारी से प्रभावित होकर लगभग पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। 350 से 500 एकड़ में लगायी गई उस फसल के खराब होने की भरपाई की मांग किसानों ने की है। किसानों ने दूरभाष पर इसकी सूचना नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव को दी थी, जिसके पश्चात नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव मौके का मुआयना करने किसानों के साथ खेतों में पहुंचे थे। फसल की स्थिति देखते ही नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने प्रदेश के कृषि मंत्री से तत्काल नुकसान फसल की भरपाई करने का आग्रह किया। नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने किसानों एवं कृषि क्षेत्र के स्थानीय विशेषज्ञों से चर्चा कर बताया कि कृषि विभाग द्वारा इस प्रजाति के मोर्फोलॉंजिकल कैरेक्टर में विभाग द्वारा यह प्रसारित किया गया है कि यह प्रजाति नेट ब्लॉस्ट बीमारी के संक्रमण से अन्य प्रजातियों की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक सहनशील है।

नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने उक्त मामले पर प्रदेश के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इसकी जांच कराने तथा प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि दिये जाने की मांग की है। सरगुजा जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के किसानों ने विभाग के बीज उत्पादन कार्यक्रम के आधार बीज की खेती की थी। इसके बावजूद इंदिरा राजेश्वरी  प्रजाति की खेती करने वाले अधिकांश किसानों की फसल लगभग 90प्रतिशत के ऊपर नष्ट हो चुकी है। जबकि महामाया, सवर्णा जैसी प्रजातियां सरगुजा में पूर्व में भी फेल हो चुकी हैं। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रजाति की फसल के खराब होने की प्रबल संभावना को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने प्रदेश भर में उक्त बीज से हुई खेती की जांच कराते हुए किसानों को तत्काल क्षतिपूर्ति राशि देने की मांग की है। साथ ही नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने कहा है कि आश्चर्य एवं खेद का विषय है कि कृषि विज्ञान केन्द्र एवं बीज प्रक्रिया केन्द्र द्वारा प्रमाणित प्रजाति के बीजों की फसलें बीज जनित बीमारियों से व्यापक पैमाने पर नष्ट हो गई। यह भी एक सूक्ष्म जांच का विषय है। इस पर भी सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है तथा जांच कराया जाये।