जशपुर। जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ छेड़े गए ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। मनोरा चौकी क्षेत्र के खरसोता जंगल में पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए क्रूरतापूर्वक पैदल हांक कर ले जाए जा रहे 07 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक तस्कर को धर दबोचा, जबकि उसके तीन साथी रात के अंधेरे और घने जंगल का लाभ उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की रात चौकी मनोरा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम खरसोता जंगल पुलिया के पास कुछ लोग मवेशियों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए अवैध रूप से तस्करी के लिए पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और गवाहों को साथ लेकर तत्काल बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी देख तस्करों में हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने 04 नग बैल (गौ-वंश) और 03 नग भैंस सहित कुल 07 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया और भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम बालेश्वर राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम छतोरी, चौकी सोनक्यारी (जिला जशपुर) बताया। मवेशियों के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध चौकी मनोरा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। जुर्म स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, उसकी निशानदेही पर फरार हुए तीनों अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। इसमें चौकी मनोरा के सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, रितेश भगत, अरविंद साय, संजीव कुजूर और नीलीन साय की सराहनीय भूमिका रही। मामले में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जशपुर पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को और अधिक सशक्त किया है। जिले में ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी रहेगा और गौ-तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
