तत्कालीन कृषि मंत्री के OSD समेत कृषि विभाग के अधिकारियों ने किया करोड़ो का फर्ज़ीवाड़ा…सरगुजा पुलिस ने रायपुर से किया गिरफ़्तार…एक आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर

अम्बिकापुर। रतनजोत रोपणी में करोड़ो के फर्ज़ीवाड़े के आरोप में कृषि विभाग के दो बडे अधिकारियों को सरगुजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अधिकारियों को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक अधिकारी तत्कालीन पूर्व कृषि मंत्री का ओएसडी था।

जानकारी के अनुसार रतनजोत लगाने के लिए आबंटित राशि का 10 प्रतिशत खर्च कर पूरी राशि डकारने का इनपर आरोप है। जिसको लेकर 2009 में अधिवक्ता अमरनाथ पाण्डेय के परिवाद पर सरगुजा के लुंड्रा पुलिस ने इनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था।

मामले में सरगुजा के पूर्व डीडीए आरके कश्यप, कृषि अधिकारी राणाप्रताप को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। वहीं इसी मामले में संलिप्त अम्बिकापुर के मिशन चौक निवासी कृषि अधिकारी आरआर सिंह फरार है। पुलिस ने बताया की काफ़ी तलाश के बाद भी आरआर सिंह नहीं मिले हैं। पतासाजी जारी है।

फ़िलहाल दो अधिकारियों को लुण्ड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे भेज दिया है। जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। उक्त जानकारी एडिशनल एसपी और सीतापुर एसडीओपी एश्वर्य चंद्राकर ने दी।