रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वर्ष 2011 बैच के प्रतिष्ठित आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत अपनी नई और महत्वपूर्ण पारी का आगाज कर दिया है। डॉ. संतोष सिंह ने हैदराबाद मुख्यालय में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के ‘दक्षिण जोन-2’ के उप महानिरीक्षक (DIG) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनकी इस नई जिम्मेदारी के दायरे में न केवल आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थान और खानें शामिल हैं, बल्कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बंदरगाहों की सुरक्षा का जिम्मा भी अब उन्हीं के कंधों पर होगा।
हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा 16 मार्च को जारी आदेश के बाद उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ में अपने कार्यकाल के दौरान रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और राजनांदगांव जैसे चुनौतीपूर्ण जिलों में बतौर पुलिस कप्तान (SP) अपनी विशिष्ट छाप छोड़ने वाले संतोष सिंह, वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में DIG (CCTNS-SCRB) के पद पर कार्यरत थे। उनका प्रशासनिक अनुभव अब देश के उन परमाणु संयंत्रों, सरकारी इमारतों और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा प्रणाली को मजबूती देगा, जिनकी जिम्मेदारी CISF के पास होती है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से ताल्लुक रखने वाले डॉ. संतोष सिंह की यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक सफर का विस्तार है। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर और जेएनयू (JNU) जैसी प्रतिष्ठित संस्था से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एम.फिल करने वाले डॉ. सिंह ने संयुक्त राष्ट्र के शांति कार्यों पर पीएचडी भी की है। बौद्धिक गहराई और मैदानी अनुभव का यह अनूठा संगम अब केंद्र की प्रमुख सुरक्षा एजेंसी में नए मानक स्थापित करने के लिए तैयार है।
