कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने नए बस स्टैंड से लाखों रुपये कीमत की यात्री बस पार कर दी। हालांकि, पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और चोरी की बस सहित पुलिस की गिरफ्त में आ गया। इस पूरी कार्रवाई का श्रेय सीएसईबी (CSEB) पुलिस की मुस्तैदी को जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने शहर के व्यस्तम इलाके ‘नया बस स्टैंड’ को अपना निशाना बनाया। वहां खड़ी एक यात्री बस को लेकर आरोपी तेजी से फरार हो गया। बस गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीएसईबी पुलिस ने बिना वक्त गंवाए शहर के संवेदनशील रास्तों पर नाकेबंदी की और चोर की तलाश शुरू कर दी।
सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को कोहाडिया के पास घेरकर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई यात्री बस को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
