जांजगीर-चांपा। जिले की नवागढ़ नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के भीतर की गुटबाजी अब खुलकर सड़क पर आ गई है। भाजपा के नगर पंचायत उपाध्यक्ष निरंजन कौशले ने अपनी ही पार्टी की नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन पर प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित रूप से 20 हजार रुपये कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। उपाध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों और कई हितग्राहियों ने शपथ पत्र के साथ कलेक्टर से शिकायत कर पूरे मामले की जांच की मांग की है।
शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल नगर पंचायत तक सीमित मामला नहीं रहेगा, बल्कि केंद्र सरकार की गरीबों के लिए संचालित सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री आवास योजना की साख पर भी सवाल खड़े करेगा।
राजनीतिक रूप से यह मामला भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। एक ओर पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके अपने जनप्रतिनिधि अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। इससे विपक्ष को भी बड़ा मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में गरीबों की योजनाओं तक में कथित कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।
हालांकि, अध्यक्ष अर्चना देवांगन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब पूरे मामले की सच्चाई प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। लेकिन इतना तय है कि नवागढ़ नगर पंचायत में भाजपा की अंदरूनी लड़ाई सार्वजनिक होने से पार्टी की छवि को बड़ा झटका लगा है और यह विवाद अब स्थानीय राजनीति से निकलकर जिला और प्रदेश स्तर तक चर्चा का विषय बन चुका है।
भाजपा की अंदरूनी खींचतान आई सामने
नवागढ़ नगर पंचायत में भाजपा की अंदरूनी राजनीति खुलकर सामने आ गई है। कभी एक-दूसरे के राजनीतिक सहयोगी रहे निर्वाचित उपाध्यक्ष निरंजन कोसले और अध्यक्ष अर्चना देवांगन के बीच अब दूरियां बढ़ गई हैं। बताया जाता है कि अध्यक्ष पद की दावेदारी के दौरान निरंजन कोसले ने ही अर्चना देवांगन के समर्थन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन अब दोनों के बीच विवाद गहरा गया है और मामला शिकायतों तक पहुंच चुका है। हैरानी की बात यह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस विवाद को सुलझाने में सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। इससे भाजपा की छवि पर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय स्तर पर पार्टी की खूब किरकिरी हो रही है।
