तीर से घायल पहाडी कोरवा को 20 किमी पहाड़ चढ़कर पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

तीर लगने से घायल पहाड़ी कोरवा रायपुर रिफर
अम्बिकापुर- शराबी पुत्र के द्वारा अपने पिता को तीर मारकर घायल कर देने का एक मामला सामने आया है। घटना दरिमा थाना क्षेत्र के दूरस्थ इलाके बड़े दमाली ग्राम किरकिरी की है। बड़ी बात यह है कि घटना की सूचना पाकर दरिमा पुलिस प्रभारी व जवानों ने 20 किमी पहाड़ चढ़कर घायल पहाड़ी कोरवा को किसी तरह नीचे उतारा और अपनी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। पहाड़ी कोरवा की परिस्थिति को देखते हुये उसे रायपुर रिफर कर दिया गया है। समय रहते मेडिकल कॉलेज पहुंच जाने से पहाड़ी कोरवा का प्राथमिक उपचार हो सका था।
जानकारी के अनुसार कोरवा बाहुल्य क्षेत्र ग्राम किरकिरी निवासी  दर्शन लाल पिता सुखनंदन पहाड़ी कोरवा उम्र 50 वर्ष का सोमवार की शाम 4 बजे बड़े बेटे बुधनराम के साथ घरेलू विवाद हो गया था। बुधन राम शराब के नशे में था और विवाद बढने पर उसने तीर-धनुष उठाकर दो बार अपने पिता पर वार किया। एक तीर दर्शनलाल के पेट में जा धसी। किसी तरह इसकी सूचना दरिमा पुलिस को लगी। सूचना पर प्रभारी अब्दुल  मुनाफ, एएसआई मनोज उपाध्याय, बंदे केरकेट्टा, आर संतोष यादव व राजेंद्र तिर्की तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके तक पहुंचने के लिये पुलिस को लगभग 20 किमी का सफर तय करना पड़ा। किसी तरह घायल पहाड़ी कोरवा को पुलिस अपनी वाहन से लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुये रायपुर रिफर कर दिया गया।