धमतरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा के धमतरी आगमन पर कांग्रेस भवन में सियासी हलचल तेज हो गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और गगनभेदी नारों के बीच पुष्पहारों से उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में महिला कांग्रेस ने अपनी आगामी रणनीति का खुलासा करते हुए साफ कर दिया कि अब सीधे बूथ स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए जाने के बाद अब संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद शुरू हो चुकी है, जिसके तहत जल्द ही ब्लॉक और बूथ स्तर पर नई, सक्रिय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए संगीता सिन्हा ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दामों ने आम परिवारों, खासकर महिलाओं की कमर तोड़ दी है। महिला कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठेगी और सड़क से लेकर सदन तक चौतरफा संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘घर-घर चलो’ का मंत्र देते हुए आह्वान किया कि वे हर गांव और वार्ड की महिलाओं से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें कांग्रेस की नीतियों से जोड़ें। संगठन का लक्ष्य हर बूथ तक अपनी पहुंच मजबूत करना है ताकि महिलाओं की आवाज को एक प्रभावी मंच मिल सके।
इस महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक में एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक अंबिका मरकाम, गुरमुख सिंह होरा, डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, लेखराम साहू, मोहन लालवानी और विपिन साहू सहित कविता बाबर, नीलम चंद्राकर, सलीम रोकड़िया, आलोक जाधव, सुनीता साहू, विक्रांत शर्मा, कृष्णा मरकाम, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, मदन मोहन खंडेलवाल, विजय प्रकाश जैन, चंद्रकला नेताम, सूर्यप्रभा चेटियार, धामेश्वरी साहू, अंबिका सिन्हा, शास्त्री सोनवानी, लकेश्वर साहू, प्रमोद सिन्हा, मनोज साक्षी और मोहन ध्रुव सहित भारी संख्या में महिला नेत्रियां और जमीनी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
