अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमकी के खुटापारा में प्रकृति का ऐसा कहर टूटा कि पूरा इलाका शोक में डूब गया। सोमवार दोपहर के बाद अचानक बदले मौसम के बीच आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक 5 साल के मासूम और 9 साल की बालिका सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य बालिका गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चे स्कूल के मैदान में आम बीनने गए थे और एक युवक पास ही अपने बैल चरा रहा था। इसी दौरान कड़कड़ाती धूप के बाद अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ गाज गिर गई। इस दैवीय आपदा की चपेट में आने से 36 वर्षीय राम साय, 9 वर्षीय रानी और महज 5 साल के मासूम सागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय श्रद्धा इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका इलाज जारी है।
एक ही गांव में तीन मौतों की खबर फैलते ही खुटापारा सहित पूरे डुमकी क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है, साथ ही पीड़ित परिवारों को नियमानुसार शासकीय सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।
