सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में सोमवार की रात मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 नाबालिगों समेत कुल 25 मजदूर घायल हो गए हैं, जिनमें से 10 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से ही आरोपित वाहन चालक मौके से फरार है। सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी मजदूर भैयाथान में मजदूरी का काम खत्म करके वापस अपने गांव लैंगा लौट रहे थे। इसी दौरान नेवरा के पास एक ट्रेलर को ओवरटेक (टैग) करने के प्रयास में पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस और यातायात प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मालवाहक गाड़ियों में इंसानों को भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंस कर भरना अब आम बात हो चुकी है। दावों के उलट, धरातल पर ऐसे वाहनों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। अगर प्रशासन समय रहते इन नियमों का उल्लंघन करने वाले मालवाहकों पर नकेल कसता, तो आज यह बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
