सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होते ही स्कूलों से शराबी शिक्षकों की करतूतें उजागर होने लगी हैं। ताजा मामला रामानुजनगर ब्लॉक के साल्ही गांव स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक शाला का है, जहां पदस्थ प्रधान पाठक (हेडमास्टर) हरिनंदन सिंह का शराब के नशे में धुत्त एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में हेडमास्टर की स्थिति इतनी खराब है कि वे पूरी तरह होश खोकर जमीन पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं। हद तो तब हो गई जब नशे की हालत में जमीन पर पड़े-पड़े ही हेडमास्टर साहब वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों के साथ जमकर गाली-गलौज करने लगे। स्कूल परिसर के भीतर गुरुजी का यह अमर्यादित और गैर-जिम्मेदाराना रवैया अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है, और उन्होंने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे शिक्षक के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के संज्ञान में भी यह मामला आ गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे विभाग की जमकर किरकिरी हो रही है।
