अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले में सुनसान जंगल के बीच लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने पिकअप चालक को रोककर उस पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया. हमले में घायल चालक से लुटेरे नगदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रायकेरा टोकोपारा निवासी 31 वर्षीय समीरुल्लाह खान, जो सुनीता फर्नीचर में चालक के रूप में कार्यरत है, बीते दिनों पिकअप वाहन से आठ नग पलंग लेकर जशपुर जिले के महादेवडांड़ स्थित दीपक हार्डवेयर में डिलीवरी देने गया था. सामान पहुंचाने के बाद वह दुकानदार से 51 हजार 200 रुपये नगद लेकर वापस सीतापुर लौट रहा था. इसी दौरान रात करीब 8 बजे बेनई जंगल के पास दो बाइक में सवार चार नकाबपोश युवकों ने ओवरटेक कर हनुमान मंदिर के पास सुनसान स्थान पर उसे रोक लिया.
पिकअप रुकते ही बदमाशों ने चालक को जबरन नीचे उतारकर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से घायल चालक जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर पत्थरों से भी हमला किया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक के पास रखी नगदी और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए. हमलावरों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
घटना के बाद घायल चालक किसी तरह बेनई जंगल पार कर ग्राम एरंड पहुंचा और अपनी पत्नी को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात नकाबपोश लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है. इस संबंध में सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
