कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मुख्यालय के पॉम मॉल में रात के वक्त उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत एक कथित ठेकेदार ने अपनी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार सीधे मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ा दी। यह पूरी घटना रात करीब 1 बजे की है, जिसका रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है।
चश्मदीदों के मुताबिक, शराब के नशे में चूर आरोपी इतने पर ही नहीं रुका; जब मॉल के सुरक्षाकर्मी ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने उसके साथ भी जमकर अभद्रता और गाली-गलौज की। देर रात मॉल परिसर में हुई इस दबंगई से वहां तैनात स्टाफ और सुरक्षाकर्मी सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी (CSEB) चौकी पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गनीमत रही कि वारदात देर रात की थी और उस वक्त सीढ़ियों पर आम लोगों की आवाजाही नहीं थी, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
