रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और चक्रधरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सटीक घेराबंदी करते हुए उड़ीसा से गांजा लेकर आ रहे तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसे वे स्कूटी के जरिए खपाने की फिराक में थे।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की थी, जहाँ संदेह के आधार पर स्कूटी सवार युवकों को रोककर तलाशी ली गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव के रूप में हुई है, जिन पर एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
