सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर स्थित गोबरी नदी के किनारे एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ ममता को कलंकित करते हुए निर्दयी माता-पिता अपनी दो माह की मासूम बच्ची को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। सूरजपुर और कोरिया जिले की सीमा पर स्थित गोबरी नदी के समीप शिव मंदिर में जब स्थानीय लोगों ने एक दुधमुंही बच्ची के रोने की आवाज सुनी, तो वे दंग रह गए।
आशंका जताई जा रही है कि देर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बच्ची को मंदिर परिसर में छोड़ दिया गया था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई है और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस खौफनाक कदम के पीछे की वजहों और बच्ची के परिजनों की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है।
