– कुल्लू उर्फ शिव सहिस की मौत के बाद चांपा थाना घेराव, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के लगाए गंभीर आरोप…
जांजगीर-चांपा। चांपा थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को बुधवार सुबह अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि उसे रातभर थाने में रखा गया और आज सुबह अचानक उसकी मौत की सूचना दी गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर मृतक के साथ मारपीट करने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना के बाद थाने के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा होने से पुलिस प्रशासन के सामने स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने एक आरक्षक को निलंबित कर दिया है। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, हिरासत के दौरान उसके साथ क्या हुआ और मौत से पहले उसकी हालत कैसी थी। इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।
फिलहाल घटना ने चांपा पुलिस की हिरासत और पुलिसिया कार्रवाई पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब सबकी नजर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
