– शिव सहिस की मौत पर विधायक ने उठाए सवाल, कहा- एक डॉक्टर नहीं, डॉक्टरों की टीम से हो पोस्टमार्टम
जांजगीर-चांपा। चाम्पा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में लिए गए कुल्लू उर्फ शिव सहिस की मौत के बाद मामला गरमा गया है। घटना को लेकर जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने कहा कि यदि व्यक्ति की मृत्यु पुलिस कस्टडी में हुई है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित थाने के अधिकारियों और प्रभारियों की भी बनती है।
विधायक ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मौत की वास्तविक वजह सामने आना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मौत मारपीट से हुई, जहरखुरानी से, आत्महत्या से या किसी अन्य कारण से, इसकी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होनी चाहिए।
“एक डॉक्टर नहीं, डॉक्टरों की टीम करे पोस्टमार्टम”
व्यास कश्यप ने मांग की कि मृतक का पोस्टमार्टम किसी एक डॉक्टर से कराने के बजाय डॉक्टरों की टीम गठित कर कराया जाए, ताकि मौत के कारणों को लेकर किसी तरह का संदेह न रहे। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि किसी तरह की गड़बड़ी या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित थाने के जवाबदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना के बाद थाने का घेराव और लोगों का आक्रोश पहले ही पुलिस के लिए चुनौती बन चुका है। अब विधायक के बयान ने मामले को और राजनीतिक तूल दे दिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति की मौत ने सुरक्षा, निगरानी और पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष पर सबकी नजर है। मौत की असली वजह क्या थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
