बलरामपुर : वन विभाग के कार्यालय में कोरोना की दस्तक.. कर्मचारी दहशत में!..

बलरामपुर..(कृष्णमोहन कुमार)..
जिले के वनमण्डलाधिकारी कार्यालय में कोविड 19 की दस्तक के बाद हड़कम्प मच गया है। कोविड पॉजिटिव आये महिला कर्मी व उसके 8 वर्षीय पुत्र को कोविड अस्पताल वाड्रफनगर भेजा गया है। इसके साथ वन विभाग के कॉलोनी को कंटेन्मेंट जोन घोषित करते हुए महिला कर्मी व उसके पुत्र के सम्पर्क में आये लोगो के सैंपल लिए जा रहे है।

बताया जा रहा है कि महिला कुछ दिन पहले अपने बीमार पिता से मिलने अम्बिकापुर गयी थी, उसके पिता भी कोरोना संक्रमित पाये गये, जिससे आशंका है कि उन्ही के संपर्क में आने पर माँ बेटा को संक्रमण हुआ है। ये बात सामने आई है कि वनमंडल कार्यालय में सेनिटाइजेशन की समुचित व्यवस्था नही है। कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगाया गया सेनिटाइजर मशीन लंबी अवधि से खराब है, मात्र शो पीस बना हुआ है। इसके बावजूद आज तक इसका सुधार नही हो पाया है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के सख्त निर्देश के बावजूद भी वन विभाग समेत बलरामपुर जिले में पदस्थ कई विभागों के अधिकारी कर्मचारी प्रतिदिन संभाग मुख्यालय एवं अन्य जिलों से आवाजाही कर रहे है। कुछ कर्मचारी तो रेड जोन से भी आवाजाही कर रहे हैं। अधिकांश कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिन्ग, मास्क आदि सुरक्षात्मक उपाय भी प्रयोग नही किया जा रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा निरंतर बढ़ता जा रहा है, जो कि चिंतनीय विषय है।