छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस 5 मिनट के लिए करेगी चक्काजाम… महंगाई के ख़िलाफ़ मोर्चा

रायपुर… 18 जून यानी आज छत्तीसगढ़ 5 मिनट के लिए थम जाएगा। राज्य में 5 मिनट तक चक्काजाम रहेगा। महंगाई के विरोध में कांग्रेस यह चक्काजाम कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में पेट्रोलियम उत्पादों समेत खाद्य सामाग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

महंगाई के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया है कि सभी 18 जून को दोपहर 12 बजे 5 मिनट के लिए जहां है। वहीं थम जाए और चक्काजाम कर मंहगाई का विरोध करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सभी अपने क्षेत्रों में इस सांकेतिक चक्काजाम को सफल बनाने में जुट जाए।

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। बीते 11 जून को भी पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के सामने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया था।