कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता निराश: सात महीने बाद भी नहीं बन सकी कार्यकारिणी… कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष से हुए निराश..



दुर्ग-भिलाई: सात महीने बीत गए, भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी नहीं बन पाई। पदाधिकारी बनने की चाह में बैठे कांग्रेस नेताओं में निराशा बढ़ती जा रही है। दरअसल, हर बार उन्हें तारीख पर तारीख ही मिल रही है। अब तो यह भी मिलनी बंद हो गई है। जिन लोगों ने पदाधिकारी बनने आवेदन लगाया है, वे भी अब निराश होते जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष भी इस बारे में फिलहाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं है।

बता दें कि, दिसंबर 2021 में जिले के चार निकायों में चुनाव संपन्न हुए थे। चुनाव के ठीक पहले भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी भंग कर अध्यक्ष बदल दिया गया था। भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रथम अध्यक्ष तुलसी साहू की जगह मुकेश चंद्राकर को यह जिम्मेदारी सौंप गई थी।

अध्यक्ष के नेतृत्व में भिलाई व रिसाली के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ काम किया था। समर्पित भाव से काम करने के पीछे की वजह संगठन में पद पाना भी था। शुरुआत में जिस ऊर्जा के साथ जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में काम हुआ, वह ऊर्जा सात महीने बाद जाती हुई दिख रही है, दरअसल अब जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर भी इस स्थिति में नहीं है कि वे संगठन में पद चाहने वालों को जवाब दे सके।

इसलिए भंग की गई थी पहली कार्यकारिणी

22 साल के लंबे संघर्ष के बाद भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी को दर्जा मिला था। इसकी प्रथम अध्यक्ष तुलसी साहू को बनाया गया था। तुलसी साहू के कार्यकाल के दौरान ब्लाक अध्यक्षों को लेकर पहला विवाद हुआ था। दूसरा विवाद जंबो कार्यकारिणी को लेकर हुआ था। इसके साथ ही भिलाई नगर विधायक से भी इनकी नहीं बन रही थी। निकाय चुनाव के ठीक पहले दिसंबर महीने में तुलसी साहू की जगह मुकेश चंद्राकर को भिलाई शहर जिला कांग्रेस की कमान सौंप दी गई थी।

हर ब्लाक से पद पाने के लिए आवेदन

निकाय चुनाव के बाद भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। भिलाई निगम व रिसाली निगम के हर ब्लाक से संगठन में पद पाने के लिए आवेदन आए थे। आवेदन सैकड़ों की तादात में है। भिलाई शहर जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी को लेकर हमेशा तारीख मिलती रही। कभी कहा गया कि चारो निकायों में शहर सरकार के पूरे स्वरुप में आने के बाद कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी, कभी खैरागढ़ उपचुनाव तो कभी युवक कांग्रेस चुनाव के बाद कार्यकारिणी घोषणा की बात कही गई। बार – बार मिल रही तारीख के चलते कांग्रेस के कार्यकर्ता अब निराश हो गए हैं। उनका ऐसा मानना है कि विधानसभा चुनाव तक पदाधिकारी बनने का लालीपाप देकर मामला लटकाया जाएगा।

भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर का कहना है कि प्रदेश संगठन के निर्देश का इंतजार है। प्रदेश संगठन जैसा निर्देश देगा उसका पालन किया जाएगा।