लॉकडाउन पर कलेक्टर झा के शख़्त तेवर… नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिवक्ता, पार्षद पति समेत तथाकथित जिम्मेदार नागरिकों पर FIR… कलेक्टर-एसपी निकले सड़कों पर

अम्बिकापुर। गुरुवार की सुबह से ही कलेक्टर संजीव कुमार झा ने दल-बल सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों तथा बैरियरों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम तथा नियंत्रण के लिए पूर्णबंदी का पालन कराने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

नगर सामान्य तौर पर बंद रहा, ज़्यादातर सड़के वीरान तथा सुनसान नजर आयें। वहीं लापरवाही करने पर प्रशासन ने कड़ाई दिखाया। जिला प्रशासन के निगरानी दलों के द्वारा नियमों का पालन न करने पर अलग अलग मामलों में 42 हजार रुपये की जुर्माना की कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 लोगों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई गई। इनमें राइस मिलर, अधिवक्ता, ज्वेलरी शॉप संचालक, पार्षद पति जैसे तथाकथित ज़िम्मेदार नागरिक भी शामिल हैं।

कलेक्टर श्री झा के निर्देशानुसार सभी 48 वार्डो में नोडल अधिकारी एवं निगरानी दलों की गश्ती जारी रही। निगम क्षेत्र में विभिन्न निगरानी दल, उड़नदस्ता, पुलिस पेट्रोल पार्टी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, निगम के कर्मचारियों के द्वारा सघन निगरानी किया जा रहा है।

कलेक्टर संजीव झा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नियम का पालन नही करने वाले चाहे कोई भी हों उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शाम को 06 बजे से रात 09 बजे तक कलेक्टर एवं एसपी स्वयं, टीम के साथ नगर निगम क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। शहर के रिहायशी इलाकों से लेकर मार्केट इलाकों का सघन दौरा किया गया।

कोविड संक्रमण की रोकथाम और बचाव की दिशा में लोगों से घर पर ही रहने की अपील की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक टीआर कोसिमा, जिला पंचायत के सीईओ कुलदीप शर्मा, सहायक कलेक्टर विश्वदीप, नगरनिगम आयुक्त हरेश मण्डावी, एसडीएम अजय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।