कांकेर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों ने कांकेर जिले का मान बढ़ा दिया है। परलकोट क्षेत्र के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, कापसी की मेधावी छात्रा अपर्णा विश्वास ने 96.40% अंक हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है। एक किसान परिवार में जन्मी अपर्णा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह सफलता अर्जित की है।
अपनी इस उपलब्धि को अपर्णा ने अपने माता-पिता, स्कूल के शिक्षकों और अपने ट्यूशन टीचर को समर्पित किया है। उनका मानना है कि नियमित रूप से की गई पढ़ाई और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। महज पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अपर्णा के सपने भी बहुत ऊंचे हैं। वे भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।
कांकेर के एक ग्रामीण अंचल की बेटी की इस कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि यदि हौसले बुलंद हों, तो कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता। उनकी इस सफलता से न केवल उनके स्कूल बल्कि पूरे परलकोट क्षेत्र में गर्व और जश्न का माहौल है।
