अम्बिकापुर। अंधविश्वास और लापरवाही के कारण एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। जशपुर जिले के तुमला अंतर्गत ग्राम मकरीबंधा की निवासी 55 वर्षीय स्थारेन केरकेट्टा की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर के आइसोलेशन वार्ड में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि करीब तीन माह पूर्व महिला को एक पागल कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाकर रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के बजाय झाड़-फूंक और जड़ी-बूटी से इलाज कराने का रास्ता चुना। समय पर सही उपचार न मिलने के कारण महिला के शरीर में संक्रमण फैल गया और जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तब उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
यह हृदयविदारक घटना एक बार फिर ग्रामीण अंचलों में व्याप्त अंधविश्वास और स्वास्थ्य जागरूकता की कमी की ओर इशारा करती है।
