अम्बिकापुर। घर के कोने में प्लास्टिक की बोतल में रखी महुआ शराब तीन साल के एक मासूम के लिए काल बन गई। खेलते-खेलते बच्चे ने प्यास लगने पर उसे पानी समझकर पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में कई अस्पतालों से होते हुए परिजन उसे अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी दुलापुर काशीमुड़ा की है। पुलिस के अनुसार, शिवलाल सिंह का तीन वर्षीय पुत्र मनीष कुमार 29 सितंबर को घर के भीतर खेल रहा था। पिता काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे और मां घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। इसी दौरान मासूम की नजर कोने में रखी प्लास्टिक की बोतल पर पड़ी। नासमझी में उसने शराब को सामान्य पानी समझकर गटक लिया।
कुछ ही देर में जब बच्चे को उल्टियां होने लगीं और वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा, तब मां बदहवास होकर उसके पास पहुंची। बोतल से आ रही शराब की तेज दुर्गंध भांपते ही परिजनों के होश उड़ गए। शाम को पिता के घर लौटने के बाद अगले दिन मासूम को स्थानीय खड़गवां अस्पताल ले जाया गया।
हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत चिरमिरी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्वास्थ्य में कोई सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
