जगदलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक ज्वेलरी शोरूम में ग्राहक बनकर आभूषण पार करने वाले महाराष्ट्र के शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह की दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में पृथ्वीराज चौहान (60), रेखा चौहान (50), चेतन भाटी (50), संदीप गौड़ (35) और जयश्री शैलके (62) शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के सोलापुर, पुणे और मुंबई क्षेत्र के निवासी हैं।
घटना 23 अगस्त 2026 की है, जब आरोपी सुनियोजित तरीके से दो पुरुषों और दो महिलाओं के समूह में आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुए थे। शोरूम में ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाते हुए महिलाओं ने काउंटर पर रखे सोने के गहनों पर हाथ साफ किया और बेहद शातिराना अंदाज में उन्हें आपस में बदलते हुए वहां से खिसक गईं। दिन ढलने पर जब दुकान संचालक ने स्टॉक का मिलान किया, तो करीब 11.500 ग्राम सोने के कान के आभूषण गायब मिले। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपियों की करतूत साफ नजर आ गई। इसके तुरंत बाद कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम ने शोरूम के फुटेज, संदिग्धों की तस्वीरों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कड़ियां जोड़ीं। साइबर सेल के सहयोग से पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से जुड़े इन पांचों आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने और चोरी का सोना बेचकर रकम आपस में बांटने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से जेवर बिक्री के 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन सहित लगभग 50 हजार रुपये की सामग्री बरामद की है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
