छत्तीसगढ़ : बैलगाड़ी में 5 बारातियों के साथ दुल्हन ब्याहने निकला दूल्हा.. देखिए तस्वीरें

गरियाबंद। महंगी विदेशी गाड़ियों और यहां तक कि हेलीकॉप्टर से बारात आने की खबरें आपने खूब पढ़ी और देखी होंगी, लेकिन छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवरी गांव में एक बारात अनूठे तरीके से पहुंची। सजधज कर दूल्हा बैलगाड़ी में अपनी बारात लेकर पहुंचा। बाराती के नाम पर सिर्फ 5 लोग मौजूद रहे।

डगेश्वर साहू एक छोटे व्यवसायी हैं। फिंगेश्वर में उनकी पावर टूल्स की दुकान है। पिता डॉक्टर हैं। शादी जब तय हुई, उस समय सब ठीक था। लेकिन इसी बीच कोरोना संक्रमण ऐसा बढ़ गया कि लॉकडाउन लग गया। लॉकडाउन में प्रशासन ने शादी में 10 लोगों को शामिल होने की इजाजत दी। इसी गाइडलाइन का पालन करते हुए दूल्हा डगेश्वर साहू कुछ ही लोगों के साथ अपनी बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। इस बारात की सबसे खास बात ये रही कि दूल्हा पारंपरिक तरीके से सजधज कर बैलगाड़ी से अपनी बारात लेकर ग्राम देवरी पहुंचा। इस आधुनिक युग में पुरानी परम्पराओं के अनुसार सजी-धजी बैलगाड़ी में दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, तो पूरा गांव आश्चर्यचकित रह गया।

screenshot 2021 04 26 12 09 44 066196079741942069211

बैलगाड़ी से निकली अनूठी बारात को जिसने भी देखा तो वह देखते ही रह गया। बारातियों ने भी इस अनूठे अंदाज का भरपूर आनंद लिया। देवरी में बारात का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। दुल्हन टोमेश्वरी साहू के साथ डगेश्वर साहू शादी के बंधन में बंधे।