बेमेतरा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों ने बेमेतरा जिले को गौरवान्वित किया है। जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय की मेधावी छात्रा ओमनी वर्मा ने 98.20% अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। ओमनी की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल उनके परिवार में जश्न का माहौल है, बल्कि पूरे जिले में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया, जिसमें शिक्षक, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक शामिल हैं।
ओमनी की यह उपलब्धि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हौसले की जीत का उदाहरण है। उनके पिता एक राइस मिल में श्रमिक के रूप में कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता एक कुशल गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बीच पलने वाली ओमनी ने अपने परिवार के सपनों को ही अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बनाया। अपनी सफलता के मूल मंत्र पर बात करते हुए ओमनी ने बताया कि वे अपनी पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर थीं और रोजाना 11 से 12 घंटे का कठिन परिश्रम करती थीं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान उन्हें हमेशा विश्वास था कि वे एक दिन अवश्य सफल होंगी। ओमनी ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।10वीं कक्षा में 82% अंक प्राप्त करने वाली ओमनी ने अब अपनी मेहनत से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे आगे कॉमर्स विषय के साथ अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहती हैं। बेमेतरा की इस प्रतिभाशाली बेटी ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि लगन और दृढ़ संकल्प के सामने आर्थिक बाधाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। उनकी यह कहानी जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनी है।
10वीं कक्षा में 82% अंक प्राप्त करने वाली ओमनी ने अब अपनी मेहनत से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे आगे कॉमर्स विषय के साथ अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहती हैं। बेमेतरा की इस प्रतिभाशाली बेटी ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि लगन और दृढ़ संकल्प के सामने आर्थिक बाधाएं भी छोटी पड़ जाती हैं। उनकी यह कहानी जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनी है।
