कोरिया। छत्तीसगढ़ में कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करजी में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। पिकअप और ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ऑटो सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान फुलकुंवर (50), रामबाई (60) और फुलकुंवर (60) सभी निवासी करहीपारा, छिंदिया के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों में सास-बहू भी शामिल हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
जानकारी के मुताबिक, ऑटो में करीब 15 लोग सवार होकर एक तेरहवीं कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। तभी अचानक सड़क पर मवेशी के आ जाने के कारण दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई और ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पटना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
