सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ थाना बाराद्वार अंतर्गत ग्राम लवसरा में एक हादसे में 6 वर्षीय जुड़वा बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ये बच्चियां घर के पास ही खेल रही थीं और खेल-खेल में ‘बैगिन तालाब’ के पास पहुंच गईं।
नहाने के दौरान अचानक वे गहरे पानी में चली गईं और बाहर नहीं निकल सकीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत सक्ती स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
