कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा एक नाबालिग गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह दुखद हादसा बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटाईनार स्थित एनीकट में घटित हुआ। मृतक की पहचान 15 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है, जो अपने चार दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने वहां गया था। नहाते वक्त अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद नरेश का शव पानी से बाहर निकाला गया। किशोर की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
