रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुसौर-गढ़ उमरिया मार्ग पर रविवार की रात बेखौफ बदमाशों ने चाकूबाजी और लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने न केवल राहगीरों से मारपीट की, बल्कि विरोध करने पर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया और मोबाइल लूटकर मौके से रफूचक्कर हो गए। इस जानलेवा हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुसौर निवासी किसलय गुप्ता अपने साथी अवधूत सरल के साथ अपनी मोटरसाइकिल पर जीजा रोहित कुमार प्रधान (निवासी सराईपाली, तमनार) को छोड़ने रायगढ़ जा रहे थे। रात करीब 9 बजे गढ़ उमरिया आनंदडीपा के पास वे कुछ देर के लिए रुके। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश वहां पहुंचे और डराते-धमकाते हुए मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगे। जब किसलय और उनके साथियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला बोल दिया। इस हमले में किसलय के सिर पर गंभीर चोट आई है, वहीं बीच-बचाव करने उतरे रोहित और अवधूत भी चाकू के वार से बुरी तरह घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में तीनों पीड़ित किसी तरह वापस पुसौर पहुंचे और स्थानीय अस्पताल में अपना प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो कथित तौर पर पुसौर पुलिस एफआईआर लिखने में आनाकानी करने लगी। मामले की भनक लगते ही देर रात पुसौर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहित सतपथी और रितेश थवाईत भी अस्पताल और थाने पहुंचे। जनप्रतिनिधियों के कड़े रुख और दबाव के बाद आखिरकार पुलिस ने मामला दर्ज किया। चूंकि घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए डायरी आगे की कार्रवाई के लिए जूटमिल थाना भेज दी गई है।
जूटमिल थाना प्रभारी अभिनव कांत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी की जा रही है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना है और उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मार्ग पर गश्त बढ़ाई जाए ताकि लोग बिना किसी खौफ के आवाजाही कर सकें।
