CG – हाथी ने वृद्धा को कुचला: गांव में घुसे हाथी ने मकान ढहाया… बरामदे में सो रही वृद्धा को कुचलकर मारा..



जशपुर: जिले के दुलदुला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सपघरा में हाथी के हमले से 52 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन अमला सहित जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे हैं। मृतक के परिजनों को सहायता राशि के रूप में 25 हजार का चेक प्रशासन ने दिया है। घटना दुलदुला ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सपघरा की है।

बीती रात्रि 3 बजे एक हाथी ने आतंक मचाया। बताया जा रहा है झारखंड राज्य की सीमा से एक हाथी ग्राम सपघरा में प्रवेश किया। इस समय देर रात्रि होने के कारण सभी नींद में मशगुल थे। हाथी के गांव में प्रवेश के पश्चात हाथी ने सबसे पहले एक मकान को निशाना बनाया। मकान के बरामदे में सो रही 52 वर्षीय गुरबारी बाई पति स्व सुखु राम नोनपानी को हाथी ने कुचल कर रौंद डाला। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

लगभग आधे घंटे तक गांव में कोहराम मचाने के बाद हाथी वापस जंगल की तरफ निकल गया। वहीं घटना उपरांत सूचना मिलते ही मौके पर वन अमला सहित जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। एसडीएम ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि 25 हजार रुपये का चेक मौके पर दिया है। घटना उपरांत कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद साय ने एसडीएम से चर्चा किया की पड़ोसी राज्य झारखंड के वन विभाग से सम्पर्क कर हाथियों के लोकेशन की जानकारी की व्यवस्था बनाई जाए ताकि लोगों को जान माल से हो रहे नुकसान से बचाया जा सके।