जांजगीर-चांपा। नैला गौशाला के पास बीती रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, ओम केवट और प्रतिक राठौर देर रात नैला से बाइक पर अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नैला गौशाला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के दिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ओम केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रतिक राठौर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतक ओम केवट लिंक रोड निवासी था और केवीसी एजेंसी के पास गुपचुप (पानीपुरी) की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार के चलते बाइक का अनियंत्रित होकर दिवाइडर से टकराना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
