बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने समाज में इंसानियत और भरोसे को और मजबूत कर दिया है। भाटापारा के पंचशील नगर में रहने वाले ऑटो चालक सुरेश साहू को अपने ऑटो में एक यात्री के कुछ जरूरी कागजात और 49 हजार रुपए नकद मिले। यह राशि और दस्तावेज रोहित वर्मा नाम के एक किसान के थे, जो यात्रा के दौरान जल्दबाजी में इन्हें ऑटो में ही भूल गए थे। अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई खोने के बाद किसान रोहित वर्मा बेहद परेशान और हताश थे, लेकिन सुरेश साहू की मुस्तैदी और ईमानदारी ने उनकी इस परेशानी को कुछ ही समय में दूर कर दिया।
सुरेश साहू ने नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित रूप से शहर थाने पहुँचाया, ताकि इसे इसके असली मालिक तक पहुँचाया जा सके। पुलिस की मौजूदगी में जब यह पूरी रकम और जरूरी दस्तावेज किसान रोहित वर्मा को सकुशल सौंपे गए, तो वह खुशी से भावुक हो उठे। अपनी नम आँखों से उन्होंने ऑटो चालक सुरेश साहू का सहृदय आभार व्यक्त किया और कहा कि आज के दौर में ऐसी ईमानदारी विरली ही देखने को मिलती है। इस सराहनीय कार्य के लिए शहर थाना के टीआई अमित पाटले ने भी सुरेश साहू की पीठ थपथपाई और उनसे हाथ मिलाकर उनका सम्मान किया। इस घटना की पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है और लोग कह रहे हैं कि ऐसे सजग नागरिकों की वजह से ही आज भी समाज में एक-दूसरे पर भरोसा कायम है।
