सरगुज़ा : राज्यपाल पुरुस्कार के लिए शिक्षिका एलबी अनिता तिवारी का चयन

अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय).. शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली माध्यमिक शाला ढेलसरा की शिक्षिका एलबी अनिता तिवारी का राज्य शिक्षक सम्मान 2021 राज्यपाल पुरुस्कार हेतु चयन किया गया है। इस पुरस्कार हेतु उनका चयन शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, जिला एवं राज्य स्तर के कई कार्यो में मेंटरिंग करने, एसआरजी, बीआरजी दायित्वों के कुशल निर्वहन एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अभिनव प्रयास को देखते हुए किया गया है।

विगत 22 वर्षों से अध्यापन कार्य मे अनवरत सेवा दे रही अनिता तिवारी ने कार्यकाल की शुरुआत से ही छात्रों को नवीन तकनीकियों का प्रयोग कर पढ़ाई के प्रति रुचि जागरूक करने एवं उनके मानसिक बौद्धिक विकास हेतु लगातार प्रयास किया है। इनके द्वारा कोरोना संकट काल मे भी छात्रों को पढ़ाई से जोड़े रखने विभिन्न प्रकार के नवाचारी गतिविधियों को अपनाया और मोहल्ला क्लास, ऑनलाइन क्लास, मिसकॉल ,व्हाट्सऐप ग्रुप, फोनकॉल आदि के माध्यम से छात्रों की पढ़ाई जारी रखी।

इनके द्वारा संचालित मोहल्ला क्लास का अवलोकन करने पहुँचे मुख्य सचिव शिक्षा डॉ आलोक शुक्ला शिक्षा के प्रति इनके प्रयासों को देख काफी प्रभावित हुए थे और इनकी सराहना की थी।।अपने उत्कृष्ट कार्य के बदौलत अनिता तिवारी शिक्षा विभाग के पोर्टल पढ़ई तुहर दुआर में हमर नायक के रूप में भी चुनी जा चुकी है। ग्रामीण छात्रों के बीच शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु इनकी निष्ठा और लगन को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कृषी मंत्री रविंद्र चौबे स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं खाद्यमंत्री अमरजीत भगत भी इन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित कर चुके है।

राज्यपाल पुरुस्कार 2021 हेतु चुने जाने पर काफी उत्साहित अनिता तिवारी ने कहा कि जब कार्यो की प्रशंसा किसी उपलब्धि के रूप में प्राप्त होती है तो चुनौतियां बढ़ जाती है। मैं हमेशा से चुनौतियों का सामना करती आई हुँ और भविष्य में भी चुनौती का सामना करते हुये बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव तत्पर रहूँगी। इनकी इस उपलब्धि के लिए बीइओ मिथिलेश सिंह सेंगर, एबीईओ महेश सोनी, बीआरसी राज्यपाल पुरुस्कृत शिक्षक राजेंद्र जायसवाल, सीमांचल त्रिपाठी, अरविंद गुप्ता, शाला परिवार एवं मित्रो ने शुभकामनाएं दी है।