अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सहनपुर में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक ईसाई युवक द्वारा हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ कर प्रतिमा को खंडित करने का कृत्य किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सहनपुर में स्थित हनुमान मंदिर में आरोपी राजेंद्र खलखो उर्फ भंडारी ने अचानक प्रवेश कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान उसने मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे प्रतिमा खंडित हो गई। इस घटना को देखकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके पर ही आरोपी युवक को पकड़कर बंधक बना लिया और तुरंत इसकी सूचना बजरंग दल के पदाधिकारियों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद संगठन की ओर से सीतापुर थाने में मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई। धार्मिक भावनाएं भड़काने और मंदिर में तोड़फोड़ की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और आरोपी राजेंद्र खलखो उर्फ भंडारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर सेंट्रल जेल अम्बिकापुर भेज दिया गया है।
