अम्बिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नामजामली में गोवंश वध की योजना को स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता ने विफल कर दिया। मौके पर गोवंश को काटने की तैयारी कर रहे दो संदिग्धों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और तत्काल डायल 112 को सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया। दरिमा पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मामले में संलिप्त अन्य पांच फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
घटनाक्रम के अनुसार, इस पूरे कृत्य में कुल सात लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों द्वारा मौके पर बनाए गए वीडियो में सुनील तिर्की, राजेश्वर खेस, रंजीत केरकेट्टा, प्रकाश लकड़ा, छोटिया तिर्की, अनुरंजन और हेमंत केरकेट्टा के नामों का उल्लेख सामने आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन नामों की वैधानिक पुष्टि और मामले की वस्तुस्थिति विस्तृत जांच व पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।
