अम्बिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरकेला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। पदस्थ शिक्षक की गंभीर लापरवाहियों और परिसर की बदहाली से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्कूल परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दरिमा पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक लापरवाह शिक्षक को शाला से नहीं हटाया जाता और व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं होतीं, उनका विरोध जारी रहेगा।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से पदस्थ शिक्षक अरुण सिंह शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचते हैं, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो चुकी है। ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि मासूम छात्रों को टंकी में जमा कथित रूप से गंदा और दूषित पानी पिलाया जा रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। आक्रोशित पालकों का कहना है कि वे इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एक बार फिर शिक्षा विभाग को नया ज्ञापन सौंपकर शिक्षक के तत्काल तबादले और विद्यालय की लचर व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी है। लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का मौन रहना प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रहा है। अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों के इस उग्र विरोध और नए ज्ञापन के बाद शिक्षा विभाग कुंभकर्णी नींद से जागता है या फिर बच्चों का भविष्य यूं ही अधर में लटका रहेगा।
