अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंठी में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रही 45 वर्षीय महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान ग्राम बकालो निवासी शांति के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटकती रहती थी। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे महिला का रक्तरंजित शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई और तत्काल इसकी सूचना दरिमा पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
