अम्बिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेवापुर अंतर्गत लवाईडीह गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान गिरधारी सिंह के रूप में हुई है, जो घर के पास ही खेत में भरे पानी में समा गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरधारी सिंह अपने घर से महज 200 मीटर दूर स्थित खेत की ओर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि मेड़ या खेत के किनारे चलते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर पड़े। संभलने का मौका न मिलने के कारण वे पानी से बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की तफ्तीश कर रही है।
