अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगई में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के ही एक सूने और जर्जर मकान से लापता अधेड़ का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरगई निवासी 53 वर्षीय राजकुमार सिंह (पिता सबल सिंह) के रूप में की गई है, जो पिछले करीब 15-20 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता थे। प्राथमिक दृष्ट्या मामले को फांसी लगाकर आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के मुख्य मार्ग से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित पुरंदन सिंह के पुराने और परित्यक्त मकान से तेज बदबू आने लगी। असहनीय दुर्गंध से परेशान होकर जब ग्रामीण तफ्तीश करने मकान के भीतर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा खौफनाक था। कमरे के भीतर छत की धरण (मयार) से एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। शव कई दिन पुराना होने के कारण अत्यधिक सड़-गल चुका था और उसका कुछ हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया था।
खराब हो चुके शव के बावजूद, ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद कपड़ों और हुलिये के आधार पर उसकी पहचान राजकुमार सिंह के रूप में की। परिजनों ने बताया कि राजकुमार अत्यधिक शराब पीने का आदी था और कई दिनों से बिना बताए कहीं चला गया था, जिसकी वे अपने स्तर पर लगातार तलाश कर रहे थे।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम की सूचना बरगई के सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल दरिमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और मौत के असली कारणों की सटीक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
