अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर इलाके में कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही खाद से लदी एक पिकअप को जब्त किया है। विभाग द्वारा खाद की अवैध बिक्री और परिवहन पर बरती जा रही निरंतर सख्ती के बावजूद तस्कर सक्रिय हैं, जिस पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर यह अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक CG14 M K6568 को घेराबंदी कर रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें 70 बोरी नीम कोटेड यूरिया बरामद हुआ। वाहन चालक के पास खाद के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद नहीं पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि खाद को कालाबाजारी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
उर्वरक निरीक्षक संतोष बेक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह अवैध खेप पत्थलगांव से मैनपाट की ओर खपाने के लिए ले जाई जा रही थी। मौके पर आवश्यक कार्रवाई के पश्चात वाहन और खाद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। विभाग ने इस मामले में विस्तृत प्रकरण तैयार कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर को प्रेषित कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान एसएडीओ सीतापुर लिली मॉरिस बखला, मैनपाट एसएडीओ गंगाराम पैंकरा, अमित गुप्ता, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत समेत पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। इस संबंध में डीडीए (कृषि) पी.एस. दिवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में उर्वरकों की अवैध बिक्री और तस्करी पर प्रशासन की पैनी नजर है और भविष्य में भी दोषियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
