नई दिल्ली। तमिलनाडु की कमान संभालते ही मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में नजर आ रहे हैं, जिसका सीधा लाभ अब राज्य के लाखों परिवारों को मिलने जा रहा है। गुरुवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए सीएम विजय ने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला किया है, जिसके बाद अब यह 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है।
राहत की बात यह है कि यह फैसला 1 जनवरी 2026 से ही प्रभावी माना जाएगा। इस कदम से न केवल सेवारत कर्मचारियों बल्कि पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के कल्याण के प्रति भी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। हालांकि, इस फैसले से सरकारी खजाने पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा, लेकिन मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनता के हित में आवश्यक धनराशि का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की महिलाओं के लिए भी खुशखबरी साझा की है। उन्होंने ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के तहत मई महीने की किश्त जारी करने का निर्देश दिया है। इसके तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,000 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। गौरतलब है कि इस योजना की नींव पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार ने रखी थी, जिसे विजय सरकार ने भी जारी रखने का फैसला किया है।
हालांकि, चुनाव के दौरान थलापति विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) ने महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता देने का वादा किया था, ऐसे में वर्तमान किश्त जारी करना उस बड़े लक्ष्य की ओर एक शुरुआती कदम के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के इन फैसलों से साफ है कि वे लोक-कल्याणकारी योजनाओं के जरिए अपनी जमीन और मजबूत करने में जुट गए हैं।
