जांजगीर-चांपा। अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के युवा विधायक राघवेंद्र सिंह को छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित गरिमामय समारोह में “छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट विधायक” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विधानसभा में उत्कृष्ट संसदीय कार्य, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा सक्रिय जनप्रतिनिधित्व के लिए प्रदान किया गया। समारोह में राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं और परिवारजनों का सम्मान है। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह के कारण ही उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में अकलतरा की आवाज़ को मजबूती से उठाने, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने और क्षेत्र के विकास के लिए उनका संकल्प आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विधायक ने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी के बल पर वे जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।
राघवेंद्र सिंह को मिले इस सम्मान से अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
