बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में बुधवार की शाम महिला मजदूरों से भरी पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ गुरुवार को परिवहन और पुलिस विभाग ने एक बड़ा संयुक्त अभियान चलाया। इस विशेष चेकिंग ड्राइव के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन पिकअप वाहनों पर कुल 21 हजार रुपए का जुर्माना ठोका गया, वहीं गंभीर लापरवाही बरतने वाले दो वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
स्थानीय प्रशासन ने यह कदम शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में हुए उस दर्दनाक हादसे के ठीक अगले दिन उठाया है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। सड़कों पर दोबारा ऐसी लापरवाही न दिखे, इसके लिए संयुक्त टीम ने विकासखंड शंकरगढ़ के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर विशेष जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान तीन मालवाहक पिकअप गाड़ियां व्यावसायिक सामान के बजाय अवैध रूप से सवारियां ढोते हुए रंगे हाथों पकड़ी गईं।
परिवहन विभाग ने मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त रुख अपनाते हुए एक वाहन मालिक पर तत्काल 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। इसके अलावा, नियमों को ताक पर रखने वाले दो अन्य पिकअप वाहनों को जब्त कर शंकरगढ़ थाने में खड़ा कराया गया है, जिन पर नियमानुसार 16 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी ने इस कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सभी वाहन मालिकों और चालकों को अंतिम चेतावनी दी गई है। मालवाहक वाहनों में किसी भी स्थिति में इंसानों को बैठाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह लोगों की जान से खिलवाड़ करने जैसा है। उन्होंने साफ किया कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में इसे और अधिक कड़ा किया जाएगा।
