जेल तालाब में मिला आंगनबाड़ी सहायिका का शव : 5 दिनों से थी लापता

अम्बिकापुर

जिला अस्पताल में भर्ती महिला के रहस्यमयी ढंग से लापता हो जाने के आज 5 दिन बाद उसका शव जेल तालाब में तैरता हुआ मिला जिससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी का माहौल निर्मित हो गया। शव की शिनाख्त पुलिस कड़ी मशक्त के बाद करा पाई। बताया गया कि उक्त मृतिका नगर के सत्तीपारा मोहल्ले में आंगन बाड़ी में सहायिका के पद पर पदस्थ थी।

जानकारी के अनुसार सत्तीपारा शीतलावार्ड निवासी लक्ष्मी सिंह पति स्व. संतोष सिंह 43 वर्ष को उल्टी दस्त की शिकायत होने पर 6 मार्च को उपचार के लिए जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसी दिन शाम वह अस्पताल से अचानक गायब हो गई थी। जिस पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता कहीं नहीं चला तो उसकी पुत्री आंचल ने मणिपुर पुलिस सहायता केन्द्र में गुम इंसान का मामला दर्ज कराया था। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही थी। तभी आज सुबह पुलिस को पता चला के जेल तालाब में एक महिला का शव पानी पर तैर रहा है। जिस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आसवास के लोगों से शव का शिनाख्त कराया लेकिन आसपास के लोग शव की पहचान नहीं कर पाये तो पुलिस ने विगत दिनों अस्पताल से लापता हुई महिला के परिजनों को बुलाकर शव का शिनाख्त कराया तो परिजनों ने उसे पहचान लिया। परिजनों का कहना था कि लक्ष्मी कई बार घर में यह कह चुकी थी कि उसकी बार-बार तबियत खराब होने से सभी परेशान रहते है। एक दिन मैं सभी को छोड़कर चली जाउंगी। जिससे परिजनों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। तालाब में शव तैरने की पता उस वक्त लगा जब वार्ड के संजय सिंह ने तालाब में शव को देख इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी थी। बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया है। महिला अस्पताल से कैसे गायब हुई यह राज उसकी के साथ राज बनकर ही रह गया है।